पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स, सेक्टर-11, चण्डीगढ़ में हिन्दी दिवस समारोह आयोजित किया गया

स्थानीय पोस्ट ग्रेजुएट गवर्नमेंट कॉलेज फॉर गर्ल्स, सेक्टर-11, चण्डीगढ़ में प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रमा अरोड़ा जी के कुशल नेतृत्व एवं हिन्दी विभागाध्यक्ष डॉ. मोहन लाल जाट के निर्देशन में “हिन्दी दिवस समारोह 2025” बड़े उत्साह और गरिमा के साथ 13-09-2025 को आयोजित किया गया। इस अवसर पर “अंतरमहाविद्यालयी प्रतियोगिता” का आयोजन हुआ, जिसमें शहर के विभिन्न महाविद्यालयों से विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ मंगलाचरण से हुआ। उद्घाटन सत्र में कॉलेज डीन श्री कुंवर इक़बाल सिंह एवं उप-प्राचार्य श्री हरविंदर सिंह विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। निर्णायक मंडल में डॉ. चंदन लाल गुप्ता एवं श्री जसपाल सिंह ने अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

प्रतियोगिताओं में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

  • वन मिनट कहानी शो में प्रतिभागियों ने स्वरचित एवं प्रसिद्ध लेखकों की कहानियों का वाचन किया।
  • साहित्यिक जीवंतता प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने साहित्यकारों एवं कवियों की वेशभूषा धारण कर उनकी लेखनी को प्रस्तुत किया।
  • पत्र लेखन प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने मातृभाषा हिन्दी में पत्र लिखकर अपनी अभिव्यक्ति दी।
  • कविता लेखन प्रतियोगिता में “आण्विक शक्ति और मनुष्य” विषय पर भावपूर्ण कविताएँ प्रस्तुत की गईं।

 

कार्यक्रम के समापन अवसर पर मुख्य अतिथि श्री कुंवर इक़बाल सिंह ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि “हमें सभी भाषाओं का सम्मान करना चाहिए, प्रत्येक भाषा अपने आप में सिरमौर है। हिन्दी दिवस हमें अपनी मातृभाषा के महत्व को याद दिलाता है।”

अंत में विजेताओं को सम्मानित किया गया तथा धन्यवाद ज्ञापन हिन्दी विभाग से डॉ. कमल कृष्ण द्वारा प्रस्तुत किया गया।इस अवसर पर डॉ. संगम वर्मा, डॉ. मीना कुमारी, डॉ. मनोज कुमार, निधि, मीनू, अंबुज शर्मा, दीपांकर आदि प्राध्यापकगण भी कार्यक्रम में उपस्थित रहे।